अनाज मंडी, टिंबर मार्केट लक्कड़ बाजार और मैकेनिकल वर्कशॉप्स को शहर के बाहर शिफ्ट किया जाएगा
हिमाचल प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में कैबिनेट सब कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शिमला शहर और बद्दी बरोटीवाला में भीड़भाड़ कम करने को चर्चा हुई है। कैबिनेट सब कमेटी ने नए शहर हिम चंडीगढ़ की सभी औपचारिकताएं 30 दिन के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिमला शहर में भीड़भाड़ को कम करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के मकसद से अनाज मंडी, टिंबर मार्केट लक्कड़ बाजार और मैकेनिकल वर्कशॉप्स को शहर के बाहर शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में हिम चंडीगढ़ नए शहर का काम शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को 30 दिन के भीतर औपचारिकताएं पूरे करने को कहा गया है, ताकि शीघ्र कार्य शुरू हो सके।
शिमला शहर को डिकंजेक्शन करने पर मंथन
हिम चंडीगढ़ बसाने को लेकर 3400 बीघा भूमि हिमुडा को ट्रांसफर कर दी गई है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिमला शहर को डिकंजेक्शन करने पर मंथन हुआ और अनाज मंडी के 12 बड़े आढ़तियों को शहर से बाहर स्थापित करने के निर्णय हुआ है।इसके अलावा सब्जी मंडी के 200 दुकानदारों को नए भवन में नई दुकानें बनाने का निर्णय लिया गया है। उपायुक्त शिमला ने इसके लिए जगह चिह्नित कर ली है, जिसका संबंधित विभाग के अधिकारी निरीक्षण करेंगे और अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिमला शहर में पीपीपी मोड पर कुछ पार्किंग जैसे टूटीकंडी, संजौली और लिफ्ट की पार्किंग को लेकर कुछ विवाद चल रहा है और मामला हाई कोर्ट में भी चल रहा है. इसे लेकर कानूनी सलाह भी ली जा रही है और समाधान निकालने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।


