हिमाचल में अफसरशाही बेलगाम – जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सरकारी आवास पर लोहड़ी का त्योहार मनाया. इस दौरान पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. जयराम ठाकुर ने पूजन के बाद सुरेश भारद्वाज का पैर छूकर आशीर्वाद लिया. उन्होंने प्रदेशवासियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं. इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर भी निशाना साधा. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी बेलगाम हैं.
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि वे लगातार यह कहते आए हैं कि प्रदेश में अफसरशाही सरकार को चला रही है. जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अधिकारियों के इशारे पर सरकार चल रही है. अफ़सर बेलगाम हैं और मंत्री दु:खी होकर बयान दे रहे हैं. ग़ौर हो कि विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों के अफ़सरों पर बजट के बंदरबांट के आरोप लगाए हैं. विक्रमादित्य सिंह ने अपने बयान में अफ़सरों को शासक न बनने की भी नसीहत दी है. सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री के बाद सिंह के बयान से पल्ला झाड़ रहे हैं और विपक्ष उनके बयान का समर्थन कर रहा है.
