हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की पहल ‘दैट्स यू’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान विशेष तौर से राज्य के प्रवेश द्वारों, हवाई अड्डों के साथ हेरिटेज़ रेलवे स्टेशनों पर आने वाले पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों और हिमालय प्रकृति के बीच एक गहरा और व्यक्तिगत जुड़ाव स्थापित किया जा सके।
राज्य की पर्यटन नीति में बदलाव
इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह अभियान राज्य की पर्यटन नीति में महत्त्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है, जिसके तहत पारम्परिक दर्शनीय स्थलों तक सीमित पर्यटन से आगे बढ़ते हुए स्लो टूरिज्म की अवधारणा को प्रोत्साहित किया जाएगा। CM सुक्खू ने कहा कि स्लो टूरिज्म की ओर यह पहल राज्य की पर्यावरणीय सेहत के प्रति प्रतिबद्धता भी दर्शाती है।
दूरदराज के इलाकों में लंबा स्टे
हिमाचल प्रदेश के कम लोकप्रिय गांवों में लंबा स्टे और स्थानीय संस्कृति में सहभागिता को बढ़ावा देकर यह अभियान स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त और पर्यावरण को बढ़ावा देने सहित लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर दवाब कम कर ग्रामीण क्षेत्रों की सुंदरता को सामने लाने पर केंद्रित है।
कहां दिखेगी शुरुआती झलक?
यह अभियान चंडीगढ़-शिमला प्रवेश मार्ग, गग्गल एवं भुंतर हवाई अड्डों और ऐतिहासिक कालका-शिमला टॉय ट्रेन मार्ग समेत प्रमुख आगमन स्थलों पर चलाया जाएगा।
