हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा वक़्त में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज अपना 61वां जन्मदिन मनाया. पांच साल तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे जयराम ठाकुर ने जन्मदिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन भी किया. सुबह से ही पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा. कोई फूल लेकर आया, तो कोई केक कटवाने पहुंचा. सभी बड़े चेहरों के साथ एक कॉमन बात थी- वह थी समर्थकों की भीड़. मौजूदा वक़्त में विधायक, पूर्व में चुनाव हारे नेता और भविष्य में टिकट की चाह लिए बैठे नेता जयराम ठाकुर को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे.
शुभकामनाएं देने में राजस्व मंत्री भी नहीं रहे पीछे
इतना ही नहीं, जयराम ठाकुर के सबसे बड़े सियासी दुश्मन माने जाने वाले राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भी फूल लेकर जयराम ठाकुर को बधाई देने पहुंचे. दोनों पड़ोसी भी हैं, क्योंकि दोनों ही नेताओं के सरकारी आवास भी एक साथ हैं. विधानसभा में अक्सर एक-दूसरे पर व्यक्तिगत रूप से हमला करने वाले नेता जब एक साथ नज़र आए, तो यह दिन भर चर्चा का विषय बना रहा. इसे सकारात्मक राजनीति की तस्वीर भी माना गया. तस्वीरों में संदेश था कि दोनों प्रतिद्वंदी है, लेकिन दुश्मन नहीं.
क्या दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे जयराम ठाकुर?
साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी के घोषित मुख्यमंत्री उम्मीदवार प्रो. प्रेम कुमार धूमल चुनाव हारे, तो जयराम ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाने का फ़ैसला लिया. इससे पहले जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश की राजनीति का चर्चित चेहरा तो थे, लेकिन एक बड़े वर्ग ने उनका नाम तक पहली बार सुना था. मुख्यमंत्री बनने के बाद जयराम ठाकुर ने साल 2019 में मोदी फैक्टर के साथ सभी चार सीटों पर जीत दिलवाई, लेकिन साल 2021 के उपचुनाव में मंडी समेत तीन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार हुई. इसके बाद साल 2022 में भी भाजपा का मिशन रिपीट सफल न हो सका. इस बीच जयराम ठाकुर ने अपने गृह जिला मंडी से कुल दस में से नौ सीटों को भाजपा की झोली में डाला. साल 2024 के लोक सभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को विक्रमादित्य सिंह के सामने भाजपा की कंगना रनौत की जीत में जयराम ठाकुर की अहम भूमिका रही.
दो साल से कम का वक्त बाकी
अब साल 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिला तो जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री बनेंगे या नहीं, इस पर हर किसी की अपनी-अपनी राय है. भाजपा शीर्ष नेतृत्व हारे हुए विधायक को मुख्यमंत्री बनाने से लेकर कई बार के मुख्यमंत्री को साइड लाइन तक करने के लिए जाना जाता है. अब तक के लिए पूर्व मुख्यमंत्री क्या नाम ठाकुर को जन्मदिवस की शुभकामनाएं. हां, ‘बड़े नेता का बड़ा योगदान‘ वाला जयराम ठाकुर का बयान भी हिमाचल की सियासत की नई दिशा तय करेगा.
