हिमाचल में बाहरी राज्यों के अफ़सरों पर बयान देकर घिर गए विक्रमादित्य सिंह? अग्निहोत्री ने झाड़ा पल्ला, नेगी ने भी दी नसीहत
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हिमाचल की राजनीति में सियासी हलचल देखने के लिए मिल रही है। लोक निर्माण मंत्री की पोस्ट से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पल्ला झाड़ लिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने उनकी पोस्ट नहीं देखी। विक्रमादित्य सिंह ने किस परिपेक्ष्य में पोस्ट लिखी है, वह बात कर के ही पता लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो उन्होंने कहा था, वह आकाशवाणी की तरह एक ही बार कहा जाता है।
क्या कहा बाग़वानी मंत्री जगत सिंह ने ?
वहीं, हिमाचल प्रदेश सरकार में बाग़वानी मंत्री जगत सिंह ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वे विक्रमादित्य सिंह के बयान से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखते। नेगी ने कहा कि कई ऐसे अधिकारी हैं, जो बाहरी राज्यों से हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। ऐसे बयानों से अधिकारी हतोत्साहित होते हैं। बाग़वानी मंत्री ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे किस अधिकारी की बात कर रहे हैं।
